जयपुर, 13 अगस्त। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जोधपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 अगस्त को कलेक्ट्रेट परिसर से विशाल तिरंगा यात्रा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा का आयोजन जिला प्रशासन, जिला परिषद, और आईसीडीएस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने हर नागरिक को राष्ट्र प्रेम की भावना से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोने का पर्व है और इसे सफल बनाने के लिए हर वर्ग और श्रेणी के व्यक्ति का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं, और महिलाओं को तिरंगा प्रतिज्ञा दिलाई। इसके साथ ही उन्होंने तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का समर्थन किया और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। उपमुख्यमंत्री ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत हस्ताक्षर कर नशा मुक्ति का संदेश भी प्रसारित किया।
इस अवसर पर जोधपुर शहर के विधायक श्री अतुल भंसाली और शेरगढ़ विधायक श्री बाबूसिंह राठौड़ ने उपमुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जिला कलेक्टर श्री गौरव अग्रवाल ने उन्हें पौधा भेंट कर अभिनंदन किया।
जोधपुर के नागरिकों ने इस तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर पावटा सर्कल, सोजती गेट, घंटाघर, पुलिस लाइन होते हुए के.एन. कॉलेज से वापस कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंची। इस यात्रा में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जिला परिषद, शिक्षा विभाग के कार्मिकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, और भारत माता की जयकार के साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा निकाली।