Home अन्य मनोरंजन जयपुर में होने जा रहा है IIFA 2025: बॉलीवुड सितारों से गुलजार...

जयपुर में होने जा रहा है IIFA 2025: बॉलीवुड सितारों से गुलजार होगा गुलाबी शहर

0
219

जयपुर, 22 सितंबर।
IIFA 2025 राजस्थान की राजधानी जयपुर अगले साल मार्च में बॉलीवुड के चमकते सितारों और भारतीय सिनेमा के बड़े नामों से गुलजार होने वाला है। रविवार को अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में राजस्थान सरकार और IIFA प्रबंधन के बीच “IIFA25 सेलिब्रेशन @जयपुर होस्ट सिटी एग्रीमेंट” पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, पर्यटन आयुक्त विजय पाल सिंह और आईफा के वाइस प्रेसिडेंट सुरेश अय्यर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह में यह घोषणा की गई कि 7 से 9 मार्च 2025 तक जयपुर में “IIFA25 सेलिब्रेशन्स” का भव्य आयोजन होगा। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस आयोजन से न केवल बॉलीवुड के नामचीन सितारे जयपुर आएंगे, बल्कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी।

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि IIFA अवॉर्ड्स का आयोजन राजस्थान के पर्यटन को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने का सुनहरा मौका है। इस तीन दिवसीय आयोजन में बॉलीवुड की प्रतिष्ठित हस्तियों का जमावड़ा होगा, जिससे ना केवल मनोरंजन उद्योग को फायदा होगा, बल्कि राज्य में पर्यटन और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।

सिनेमा के 25 वर्षों का जश्न
IIFA के वाइस प्रेसिडेंट सुरेश अय्यर ने बताया कि 2000 में शुरू हुई IIFA की यात्रा अब 25 वर्षों का जश्न मनाने जा रही है। भारतीय सिनेमा के अंतर्राष्ट्रीय विस्तार में IIFA का अहम योगदान रहा है और मार्च 2025 में जयपुर इस आयोजन का हिस्सा बनकर एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनेगा।

अबू धाबी में IIFA 2024 का निमंत्रण
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को 27 से 29 सितंबर, 2024 को अबू धाबी के यास द्वीप में आयोजित होने वाले IIFA अवॉर्ड्स के लिए भी आमंत्रित किया गया।

राजस्थान की संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
आईफा अवॉर्ड्स के आयोजन से राजस्थान की संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही, इस समारोह के माध्यम से राज्य की ब्रांडिंग और गंतव्य विपणन में भी सहायता मिलेगी।

इस ऐतिहासिक एमओयू साइनिंग सेरेमनी में कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने जयपुर में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर अपनी उत्सुकता और समर्थन व्यक्त किया।

जयपुर तैयार है बॉलीवुड की मेजबानी के लिए
IIFA25 का यह आयोजन जयपुर को एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में और भी मजबूत करेगा। इस अवसर पर दिया कुमारी ने कहा कि यह समारोह राजस्थान में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देगा, जिससे राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी।

7 से 9 मार्च 2025, यह तीन दिन जयपुर के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखे जाएंगे, जब भारतीय सिनेमा के 25 साल पूरे होने का जश्न गुलाबी शहर में मनाया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here